ओबरा (सोनभद्र)। स्वस्थ तन, अनुशासित मन के ध्येय के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ओबरा इकाई परिसर पूर्णतः योगमय हो उठा। इकाई के कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन व करकमलों द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बल के वीर जवानों, अधिकारियों और उनके पारिवारिक सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर बल सदस्यों को योग के राष्ट्रव्यापी महत्व और इसके शारीरिक-मानसिक लाभों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित जवानों और उनके परिवारों को संबोधित करते हुए कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने प्रेरित किया कि वे देश की सेवा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहें। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग करने की सलाह दी, जिससे शरीर स्वस्थ, मन शांत और मस्तिष्क पूरी तरह सक्रिय रह सके। शिविर के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण योगासनों, सूक्ष्म व्यायामों एवं प्राणायामों का अभ्यास उप निरीक्षक (कार्य) जितेंद्र सिंह यादव द्वारा बेहद सुगमता के साथ कराया गया। योगाभ्यास कराने के साथ ही उन्होंने बल के जवानों को बताया कि कठिन परिस्थितियों और ड्यूटी के तनाव के बीच योग किस तरह तनावमुक्त जीवन, एकाग्रता और शारीरिक सुदृढ़ता बनाए रखने में रामबाण साबित होता है। देश की सुरक्षा में मुस्तैद सीआईएसएफ के इस योग शिविर में बल के आला अधिकारियों ने भी अग्रिम पंक्ति में रहकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सहायक कमांडेंट जी. टोप्पो,निरीक्षक (अग्निशमन) राकेश कुमार, निरीक्षक (कार्य) महेश सिंह यादव, इनके साथ ही भारी संख्या में अन्य बल सदस्यों व उनके परिजनों ने योगाभ्यास की विभिन्न मुद्राओं को शुद्धता के साथ दोहराया और नियमित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रतिज्ञा की। सीआईएसएफ ओबरा परिसर में आयोजित यह संपूर्ण गरिमापूर्ण कार्यक्रम निरीक्षक (कार्य) सचिन कुमार निराला की कुशल देखरेख और मुस्तैद प्रबंधन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर सभी जवानों और परिजनों ने एक सुर में भारत माता की जय का उद्घोष किया, जिससे पूरा वाहिनी परिसर देशभक्ति और यौगिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा।
योग से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ओबरा परिसर हुआ ऊर्जावान जवानों व परिजनों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
Related Posts
Add A Comment

