गाजीपुर।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रंगमहल घाट स्थित श्री श्री 1008 बाबा श्याम दास योग एवं साधना केंद्र पर रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों,युवाओ एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक *आचार्य सत्यपाल सोनू सिंह, *राकेश बरनवाल एवं बृजेश बरनवाल द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
योग प्रशिक्षकों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के बाद सभी ने नियमित रूप से योग करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देखने को मिला। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य विरासत है, जिसे अपनाकर स्वस्थ और सुखी जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।इस अवसर पर सैकड़ों लोग उपस्थित रहें।।

