सोनभद्र। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा देश और प्रदेश में संगठन को और अधिक गतिशील व व्यापक बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन विस्तार अभियान के तहत एक अत्यंत महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। धार्मिक व सामाजिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी को विश्व हिंदू महासंघ के किन्नर प्रकोष्ठ का क्षेत्रीय महामंत्री मनोनीत किया गया है।इस घोषणा के बाद से ही सोनभद्र सहित पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और सनातन धर्मावलंबियों में जबरदस्त उत्साह और खुशी की लहर है। संगठन के सूत्रों के अनुसार, यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति तथा किन्नर प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष काजल किरन की विशेष संस्तुति और सहमति पर सौंपी गई है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी का व्यक्तित्व प्रेरणादायी है। हमें पूरा विश्वास है कि वह अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगी, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर एक नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। अपनी इस नई और बड़ी जिम्मेदारी पर आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व और गोरक्षपीठ के प्रति अपनी कृतज्ञता जताई। उन्होंने अपने आगामी संकल्पों को साझा करते हुए कहा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ महाराज के विचारों, सिद्धांतों और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। किन्नर समाज सहित समाज के सभी वंचित वर्गों के अधिकारों, उच्च शिक्षा, मान-सम्मान और उनके सामाजिक उत्थान के लिए संघर्ष व प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। विश्व हिंदू महासंघ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए गांव-गांव, शहर-शहर सघन सदस्यता और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन की आवाज को और अधिक प्रखर व सशक्त बनाया जा सके। महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी की इस नियुक्ति की खबर मिलते ही क्षेत्र के संतों, विश्व हिंदू महासंघ के स्थानीय पदाधिकारियों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर बधाई दी। सभी ने उनके नेतृत्व में संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि यह कदम समाज में समरसता और एकजुटता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
विश्व हिंदू महासंघ का संगठन विस्तार महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बनीं किन्नर प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय महामंत्री
Related Posts
Add A Comment

