ओबरा स्थानीय वोटेक्स क्लब ओबरा स्टेडियम में चल रहे भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें दिन रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। दलवीर समरा की तरफ से दिए गए इस शानदार खेल आयोजन के लक्ष्य के तहत मैदान पर एक तरफ जहां मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीआईएसएफ के कमांडेंट ने बल्ला थामकर दर्शकों में जोश भर दिया, वहीं दूसरी तरफ सुपर किंग्स और रेड बैक्स के बीच खेले गए कड़े मुकाबले में सुपर किंग्स ने एकतरफा जीत दर्ज की। टूर्नामेंट के सातवें दिन मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ओबरा इकाई के कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने शिरकत की। उनके आगमन पर खेल समिति और दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। मैच शुरू होने से पहले उन्होंने मैदान पर जाकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से हाथ मिलाया और उनका परिचय लिया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने कहा खेल हमें अनुशासन और टीम वर्क सिखाता है। जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल में पूरी ईमानदारी के साथ भाग लेना है। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने, शारीरिक रूप से फिट रहने और खेल के माध्यम से आपसी भाईचारा व एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। संबोधन के बाद कमांडेंट साहब खुद को पिच पर जाने से रोक नहीं पाए। उन्होंने हाथ में बल्ला थामा और क्रीज पर उतर गए। उन्होंने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मात्र दो गेंदों का सामना किया। पहली गेंद पर एक करारा चौका जड़ा। दूसरी गेंद पर गगनचुंबी छक्का मारकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने आज के मुख्य मैच का टॉस कराकर खेल की आधिकारिक शुरुआत कराई। टॉस होने के बाद सुपर किंग्स और रेड बैक्स के बीच एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। सुपर किंग्स ने शानदार खेल दिखाते हुए रेड बैक्स को 30 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग्स की टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 80 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सबसे धमाकेदार बल्लेबाजी सोनू राय ने की। उन्होंने महज 18 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 37 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। 81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड बैक्स की टीम सुपर किंग्स की घातक गेंदबाजी के सामने बिखर गई। रेड बैक्स की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 50 रन ही बना सकी और मैच 30 रनों से हार गई। इस जीत के साथ ही सुपर किंग्स ने अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है। मैन ऑफ द मैचअनुज सिंह2 ओवर में मात्र 8 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजसोनू राय18 गेंदों में 37 रन (4 चौके, 3 छक्के) (संक्षिप्त स्कोर सुपर किंग्स- 80/8, रेड बैक्स- 50/6) इस सफल आयोजन के मौके पर वोटेक्स क्लब के प्रमुख पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे।आयोजन अध्यक्ष- राजेश पंडित, आयोजन सचिव- प्रदीप शर्मा, प्रतियोगिता मीडिया प्रभारी- अजीत सिंह ,समिति सदस्य सोनू राय, विमलेश दीक्षित, फैजल खान, शुभम जायसवाल, आयुष माली, सिद्धार्थ गौतम, शुभम सिंह और आबिद खान। मैच के दौरान स्कोरर की महत्वपूर्ण भूमिका में हिमांशु कुशवाहा रहे, जबकि निष्पक्ष निर्णायक (अंपायर) की भूमिका में रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह मौजूद रहे। पूरे ओबरा स्टेडियम में अनुज सिंह की घातक गेंदबाजी और सोनू राय की तूफानी बल्लेबाजी की चर्चा बनी हुई है।


