देवी फिलिंग स्टेशन पर आईओसीएल की पहल, वाहन स्वामियों व चालकों ने सराहा
वॉइस इंडिया न्यूज | संवाददाता रीना राय
चोपन (सोनभद्र)। सड़क पर दिन-रात जिम्मेदारी निभाने वाले वाहन चालकों के स्वास्थ्य को लेकर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की ओर से पहल की गई। आईओसीएल अधिकारियों की निगरानी एवं हेल्काट्रेस लिमिटेड के सहयोग से देवी फिलिंग स्टेशन, बघानाला में ड्राइवरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित हुआ। इसमें करीब 150 ड्राइवरों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और आंखों की जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने चालकों को नियमित स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने तथा वाहन चलाते समय स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर मोहम्मद अकील एवं डी.डी. गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने चालकों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों का स्वस्थ रहना सुरक्षित सड़क परिवहन की महत्वपूर्ण कड़ी है।
देवी फिलिंग स्टेशन के मैनेजर अरविंद शुक्ला ने कहा कि चालक लंबे समय तक सड़क पर रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और आंखों की नियमित जांच जरूरी है। उन्होंने कहा की भविष्य में भी प्रयास रहेगा की इस तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं हमारे ड्राइवर भाइयों के लिए उपलब्ध कराई जाती रहे।
शिविर में पहुंचे वाहन स्वामियों और ड्राइवरों ने आईओसीएल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से निःशुल्क जांच शिविर बेहद उपयोगी है। ऐसे आयोजनों से चालकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ सुरक्षित वाहन संचालन के लिए भी प्रेरणा मिलती है।
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ “स्वस्थ चालक, सुरक्षित सफर” का संदेश दिया गया। इसे वाहन चालकों के स्वास्थ्य संरक्षण और सड़क सुरक्षा की दिशा में उपयोगी पहल बताया गया।

