लखनऊ मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के कक्ष संख्या-5 स्थित इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर में तैनात कर्मचारी के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने की शिकायत सामने आई है, जिससे एच आई वी जांच कराने आने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के अनुसार आई सी टी सी सेंटर पर एच आई वी एड्स की जांच, काउंसलिंग तथा गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य एच आई वी स्क्रीनिंग की जाती है। लेकिन संबंधित कर्मचारी के ड्यूटी पर मौजूद न रहने के कारण जांच कार्य प्रभावित हो रहा है। कई मरीज घंटों तक कर्मचारी के आने का इंतजार करते रहते हैं, जबकि कुछ लोग बिना जांच कराए ही वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं।जानकारी के मुताबिक दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। गर्भवती महिलाओं की नियमित और अनिवार्य जांच समय पर न होने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ सकता है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर आई सी टी सी कक्ष बंद मिलता है या वहां कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं रहता।लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब संबंधित कर्मचारी नियमित रूप से अनुपस्थित रहता है तो आई सी टी सी सेंटर का रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेखों का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एच आई वी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच और जागरूकता को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके बावजूद यदि जांच केंद्रों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति बनी रहती है तो मिशन के उद्देश्यों को पूरा करना मुश्किल हो सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऐसी लापरवाही से न केवल मरीजों को परेशानी हो रही है, बल्कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।क्षेत्रीय नागरिकों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आई सी टी सी सेंटर की व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज के आई सी टी सी सेंटर पर लापरवाही का आरोप, एच आई वी जांच के लिए मरीज परेशान
Related Posts
Add A Comment

