सोनभद्र । अजीत प्रताप सिंह। पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरण्यक फाउंडेशन की ओर से सोनभद्र के कोटा ग्राम में एक भव्य सीड बॉल थ्रो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अनूठे अभियान में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।
आरण्यक फाउंडेशन की समर्पित टीम ने ग्रामवासियों के सक्रिय सहयोग से लगभग 20 हजार सीड बॉल विभिन्न स्थानों पर थ्रो किए।
सीड बॉल तकनीक के माध्यम से ऐसे खाली, पथरीले और उपेक्षित क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से पौधों के विकास को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है, जहाँ सामान्य रूप से पौधरोपण करना कठिन होता है। मानसून के इस मौसम में ये सीड बॉल प्राकृतिक रूप से अंकुरित होकर आने वाले समय में क्षेत्र को हरा-भरा बनाने में मददगार साबित होंगे। इस अभियान के सफ़ल आयोजन में जिला प्रशासन और उप जिलाधिकारी (SDM) का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। प्रशासनिक सहयोग और जनभागीदारी के संगम ने इस हरित अभियान को और अधिक प्रभावी बना दिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पौधों की देखभाल, जल संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के प्रति विस्तार से जागरूक भी किया गया। आरण्यक फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संवर्धन से जोड़ना है। संस्था का मानना है कि जनभागीदारी से ही जिले में हरियाली का दायरा बढ़ाया जा सकता है। यह पूरा कार्यक्रम चेतन सिंह की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान को गति देने और धरातल पर सफल बनाने में आरण्यक फाउंडेशन की टीम के सदस्यों—शशांक शेखर सिंह, पवन सिंह, वैभव सिंह, हिमांशु वर्मा, सृष्टि सिंह, मानसी सिंह और कृतिका पाण्डेय की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की ओर से जिला प्रशासन, उप जिलाधिकारी, स्थानीय ग्रामवासियों तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
सोनभद्र कोटा ग्राम में 20 हजार सीड बॉल थ्रो, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Related Posts
Add A Comment

