सोनभद्र । संवाददाता अजीत प्रताप सिंह। जनपद सोनभद्र में किसानों, नौजवानों, व्यापारियों और आम जनमानस की विभिन्न समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपा नेताओं ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर जनसमस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। ज्ञापन सौंपने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि जनपद सोनभद्र में वर्तमान समय में जनसमस्याओं का अंबार लगा हुआ है। लेकिन सत्ताधारी भाजपा सरकार के दबाव में जिला प्रशासन के आला अधिकारी पूरी तरह निरंकुश हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सपा नेता या जनप्रतिनिधि आम जनता की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को फोन करते हैं, तो वे फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझते। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं किया, तो समाजवादी पार्टी जिले स्तर पर व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में हर वर्ग खुशहाल था, जबकि वर्तमान सरकार में किसान खाद व बिजली के लिए परेशान हैं। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने घोरावल (विधानसभा क्षेत्र 400) की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में सैकड़ों विद्युत ट्रांसफार्मर हफ्तों से जले पड़े हैं। इसके कारण किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं और आम जनता भीषण गर्मी व बिजली संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग और प्रशासनिक अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल नहीं बदला गया, तो सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव, जिला उपाध्यक्ष रामप्यारे सिंह पटेल, प्रमुख नेता पवन पटेल, बाबू हाशमी, जगत पटेल, राजेश विश्वकर्मा ,सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सोनभद्र जनपद की समस्याओं पर निरंकुश हुए आला अधिकारी, समाजवादी पार्टी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Previous Articleपखनपुरा में अमन-भाइयोंचारे के साथ निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस
Related Posts
Add A Comment

