पिपरी/सोनभद्र । जनपद सोनभद्र के प्रमुख जलस्रोत और ऊर्जा उत्पादन के मुख्य केंद्र रिहंद डैम (गोविंद वल्लभ पंत सागर) की जल स्थिति और सुरक्षा प्रबंधों को परखने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रविवार को बांध परिसर का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिहंद डैम में उपलब्ध जल के वर्तमान स्तर, उसके नियमित संचालन, तकनीकी रखरखाव तथा परिसर में मौजूद विभिन्न मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग तथा रिहंद जल विद्युत गृह के अभियंताओं से बांध के कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश, पानी की आवक, डिस्चार्ज क्षमता तथा सुरक्षा से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रिहंद डैम से जुड़ी सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का नियमित रूप से निरीक्षण और मॉनिटरिंग की जाए। वर्षा काल को देखते हुए जल उपलब्धता एवं संचालन व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क, प्रभावी और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएं। जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि जनहित और राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े इस अत्यंत महत्वपूर्ण प्रकल्प में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप ही संचालित होनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने बांध परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के समुचित रख-रखाव, सुरक्षा घेरे तथा आपातकालीन संचालन प्रणालियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि आमजन, स्थानीय आबादी और संबंधित विभागों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ मुख्य रूप से जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संत पाल वर्मा, उपजिलाधिकारी (SDM) दुद्धी, रिहंद डैम के सहायक अभियंता (AE), अवर अभियंता (JE) सहित उत्तर प्रदेश जल निगम एवं सिंचाई विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रिहंद डैम का किया स्थलीय निरीक्षण जल उपलब्धता व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Related Posts
Add A Comment

