दुद्धी/सोनभद्र (22 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र के माननीय प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को दुद्धी क्षेत्र का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी तथा प्रशासनिक बैठकों में हिस्सा लेकर विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं का जायजा लिया। माननीय प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले अमवार पहुंचकर कनहर सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया और जारी निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने सख्त निर्देश दिए। कनहर सिंचाई परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनदायिनी है, इसलिए इसके अवशेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ अति शीघ्र पूर्ण कराया जाए। मंत्री जी ने परियोजना प्रभावित विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं प्रत्येक विस्थापित एवं पात्र लाभार्थी तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं और अधीक्षक को निम्नलिखित निर्देश दिए। अस्पताल में स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। मरीजों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी दवाएं व स्वास्थ्य सेवाएं समय से और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।अस्पताल परिसर के जर्जर भवनों की आवश्यक मरम्मत तुरंत कराई जाए ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को असुविधा न हो। निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की शिकायतों का निस्तारण त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। तत्पश्चात, उन्होंने गांव चौपाल संवाद कार्यक्रम के तहत दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों की व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस पूरे दौरे के दौरान नंदलाल गुप्ता (भाजपा जिलाध्यक्ष) जीत सिंह खरवार (उपाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति आयोग), श्रवण कुमार गौड़, अंजनी पटेल (अपना दल एस) रवि पासवान (उप जिलाधिकारी, दुद्धी)
सहित संबंधित विभागों के उच्च प्रशासनिक अधिकारी, अभियंता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सोनभद्र प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा का दुद्धी दौरा, कनहर सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण
Related Posts
Add A Comment

