सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह। आगामी पावन पर्व रक्षाबंधन के दृष्टिगत आम जनमानस को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में जनपद सोनभद्र में 21 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर मिठाइयों व दुग्ध उत्पादों के नमूने संग्रहित किए, साथ ही कारोबारियों को जागरूक करने के लिए पंजीकरण शिविर का आयोजन भी किया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सोनभद्र के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गहन चेकिंग अभियान चलाया टीम ने पटवध स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठान से खोवा और गुलाब जामुन का एक-एक नमूना संग्रहित किया। चोपन बाजार कन्हैया स्वीट्स से पनीर और चंद्रकला मिठाई का एक-एक नमूना सील किया गया। विभाग द्वारा संग्रहित किए गए सभी 4 नमूनों को परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु राजकीय खाद्य विश्लेषक (खाद्य प्रयोगशाला) भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मिलावटखोरों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव (तहसील रॉबर्ट्सगंज) के नेतृत्व में ओबरा बाजार में स्थानीय व्यापार मंडल के सहयोग से एक विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान छोटे एवं मध्यम खाद्य व्यापारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचने तथा स्वच्छता मानक बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर ही 40 खाद्य कारोबारियों के ऑनलाइन पंजीकरण (Registration) की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। इस अवसर पर व्यापारी प्रतिनिधि एवं खाद्य कारोबारकर्ता सुशील कुशवाहा, गौरव जैन, धर्मराज सिंह, शुभम त्रिपाठी, मनोज कुमार सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनमानस से भी अपील की है कि त्योहारों के मौसम में शुद्ध एवं भरोसेमंद दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।
सोनभद्र रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, खोवा, पनीर और मिठाइयों के 4 नमूने सील ओबरा में लगे कैंप में 40 पंजीकरण दर्ज
Related Posts
Add A Comment

