रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र (22 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की कथित गिरफ्तारी के विरोध तथा देश व प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर उग्र एवं एकजुट प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्वर्ण जयंती चौक तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।रॉबर्ट्सगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र होने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में केंद्र सरकार विरोधी तख्तियां, बैनर और पार्टी के झंडे लेकर सड़कों पर उतरे। शांतिपूर्ण पैदल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ तीखे नारे लगाए और राहुल गांधी की गिरफ्तारी को सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला करार दिया। यह पैदल मार्च शहर के व्यस्ततम रास्तों से गुजरते हुए स्वर्ण जयंती चौक पर पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गया। स्वर्ण जयंती चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार पर सरकारी व लोकतांत्रिक संस्थाओं के राजनीतिक दुरुपयोग का सीधा आरोप लगाया। नेताओं ने कहा विपक्ष की उठती आवाजों और जनमुद्दों को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं पर दुर्भावनापूर्ण कार्रवाइयां की जा रही हैं, जिसे कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी नेताओं को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने देश और प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के प्रकरणों को प्रमुखता से रेखांकित किया। नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी और पात्रता परीक्षाओं में हो रही धांधली व अनियमितताओं के कारण देश और प्रदेश के लाखों युवाओं तथा छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा छात्रों की सभी लंबित मांगों को अविलंब पूरा किया जाए। स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार को युवाओं व शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह विफल बताते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की जोरदार मांग की। कार्यकर्ताओं के जोरदार नारों से पूरा चौक गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या शांति-व्यवस्था भंग होने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए थे। चौक व मार्ग में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की न्यायसंगत मांगें पूरी नहीं हुईं, तो इस आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
सोनभद्र राहुल गांधी की गिरफ्तारी और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, स्वर्ण जयंती चौक तक निकाला पैदल मार्च
Related Posts
Add A Comment

