मजदूर दिवस पर युवा नेता ने हिंडाल्को गेट पर कामगारों को किया संबोधित, लंबित मांगों पर जीत को बताया संघर्ष का प्रतिफल
रेणुकूट, सोनभद्र | 01 मई 2026 अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र रेणुकूट में श्रमिक हुंकार सुनाई दी। सोनांचल के श्रमिकों के हक की लड़ाई लड़ने वाले युवा नेता और पूर्व पालिकाध्यक्ष के भाई विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने शुक्रवार को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुख्य गेट पर सैकड़ों कामगारों को संबोधित किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि श्रमिकों के हक-अधिकार की पाई-पाई दिलाने तक उनका आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा।संबोधन के दौरान डब्लू सिंह ने मजदूरों की कुछ प्रमुख लंबित मांगों पर कंपनी प्रबंधन द्वारा दिए गए लिखित आदेश और दिशा-निर्देशों का जिक्र किया। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत जीत न बताकर मजदूरों के सामूहिक संघर्ष की जीत बताया। यह आदेश मैंने नहीं, बल्कि आप सभी के अटूट साथ और हमारे संयुक्त संघर्ष ने हासिल किया है। हिंडाल्को प्रबंधन द्वारा पहली बार श्रमिक हितों में ऐसा ठोस फैसला लिया गया है, लेकिन यह केवल शुरुआत है। विजय प्रताप सिंह डब्लू सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि उस दूषित व्यवस्था के खिलाफ है जो कामगारों के हितों को नजरअंदाज करती है। उन्होंने कहा कि लिखित आदेश प्राप्त करना एक बात है, लेकिन उसे धरातल पर उतारना असली चुनौती है। जब तक हर श्रमिक को उसका वास्तविक लाभ नहीं मिल जाता, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे। मजदूरों के बीच भावुक होते हुए युवा नेता ने कहा मुझे न किसी सम्मान की लालसा है और न ही प्रभाव की। यह जीवन गरीबों, मजलूमों और पीड़ितों के लिए समर्पित है। यदि मुझे आपसे कुछ चाहिए, तो वह है आपका सच्चा साथ और प्यार, ताकि मैं पूरी तटस्थता के साथ आपके अधिकारों के लिए लड़ सकूं। मजदूर दिवस के इस मौके पर हिंडाल्को मुख्य गेट के समक्ष भारी संख्या में कामगार साथी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मजदूर एकता जिंदाबाद” के नारे भी लगे। डब्लू सिंह के संबोधन के बाद मजदूरों में एक नई ऊर्जा देखी गई और उन्होंने अपने नेता के प्रति पूर्ण विश्वास प्रकट किया। यह आयोजन इस बात का प्रतीक रहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में आज भी श्रमिक जागरूकता और अधिकारों के प्रति संघर्ष की मशाल जल रही है।

