गाजीपुर( पुनित त्रिपाठी)। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को जनपद में विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।
अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों, पार्कों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों और स्वयंसेवकों ने नालियों की सफाई, कूड़ा-कचरा हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने का कार्य किया।
इस दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट के निस्तारण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। लोगों को बताया गया कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नागरिकों से कपड़े, जूट अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई। वहीं दुकानदारों और व्यापारियों को प्लास्टिक मुक्त बाजार बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कई स्थानों पर स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों ने अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जनसहभागिता के बिना स्वच्छ एवं सुंदर समाज की परिकल्पना संभव नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की भावना के अनुरूप समाज के सभी वर्गों को जोड़कर जनहित के कार्यक्रमों को सफल बनाया जा रहा है।
अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों और नगरवासियों ने भाग लेते हुए स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त गाजीपुर बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वच्छता संबंधी संदेशों वाले पंपलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न माध्यमों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए चला विशेष जन-जागरूकता अभियान
Related Posts
Add A Comment

