गाजीपुर। पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद के भाई संजय बिंद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार को सरकार और प्रशासन पर पूरा भरोसा है तथा जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जानी चाहिए।
संजय बिंद ने कहा, “हमारे साथ जो होना था, वह हो गया। हमें सरकार और प्रशासन पर पूरा भरोसा है। उचित जांच कर हमें निष्पक्ष न्याय दिया जाए। मेरी बहुत बड़ी क्षति हो चुकी है, आगे कोई और क्षति न हो।”
बताया जा रहा है कि प्रशासन की ओर से संजय बिंद को उनके मकान के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। वहीं कमलेश बिंद के अंतिम संस्कार के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच करने में जुटा हुआ है।

