26 जुलाई से बंद है बढ़नपुरा की पानी की सप्लाई, टैंकर के भरोसे गांव
(गाजीपुर)
क्षेत्र के गांव पंचायत बढ़नपुरा में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से ग्रामीणों में हाहाकार मचा हुआ है। शुद्ध पानी न मिलने से लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं और बीमारी का डर सताने लगा है।
जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को NH-31 पर संकरी पुलिया से करीब 100 मीटर आगे बालू लदा टेलर पलट गया था। हादसे में गांव की पानी टंकी की मुख्य सप्लाई पाइप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद से गांव में पानी की सप्लाई बंद है।
मामले की सूचना मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी गाजीपुर ने तत्काल संज्ञान लिया और खंड विकास अधिकारी भांवरकोल प्रेमचंद तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय कुमारमिश्रा को जांच के आदेश दिए।
खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद अपनी टीम सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय कुमार मिश्रा, ग्राम पंचायत सचिव नीतू सिंह, ग्राम रोजगार सेवक संघ अध्यक्ष सुधीर राय और सफाई कर्मी पंकज यादव के साथ बढ़नपुरा पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट सीडीओ को भेजी। रिपोर्ट में बताया गया कि सप्लाई बाधित होने के कारण ग्रामीण हैंडपंप का पानी पी रहे हैं, जिसमें बालू के कण और आर्सेनिक युक्त अशुद्ध जल आ रहा है। बीमारियां फैलने की संभावना हो रही है
स्थिति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि पाइपलाइन दुरुस्त होने तक प्रतिदिन पानी का टैंकर गांव भेजा जाएगा, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
फिलहाल गांववासी शुद्ध पानी के लिए शासन-प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

