(गाजीपुर)। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्थानीय विकास खंड परिसर में विशेष शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं बैनर लगाकर ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लगाए गए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के बैनर “सबको राशन- सबको पोषण” के माध्यम से बताया गया कि उत्तर प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सप्लाई इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद गाजीपुर के करीब 28 लाख लाभार्थियों को इस योजना का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने वर्ष 2017 से पूर्व की राशन वितरण व्यवस्था की तुलना में वर्तमान पारदर्शी एवं डिजिटल प्रणाली की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ मिल रहा है।
इसके साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता स्टॉल लगाया गया। विभागीय अधिकारियों ने पशुपालकों को खुरपका-मुंहपका रोग सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उच्च बुखार, मुंह एवं पैरों में छाले पड़ना तथा मुंह से गाढ़ी लार गिरना इस बीमारी के प्रमुख लक्षण हैं।
पशुपालकों से अपील की गई कि वे चार माह से अधिक आयु के सभी गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे पशुधन सुरक्षित रहे और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे किसानों, पशुपालकों एवं गरीब परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिलता है।
गरीब कल्याण अन्न योजना और पशुधन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
Related Posts
Add A Comment

