गहमर(गाजीपुर)। गहमर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पाण्डेय अपनी टीम के साथ करहियां मुजिया बारी बस स्टैंड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान थाना गहमर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 155/2026 से संबंधित आरोपी अंकित कुमार पुत्र उपेन्द्र राम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से ग्राम विशुनपुरा, थाना नगसर हाल्ट का निवासी है तथा वर्तमान में ग्राम सेवराई, थाना गहमर में रह रहा था। उसकी आयु 18 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पाण्डेय सहित गहमर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नोट: यौन अपराधों से जुड़े मामलों में कानून के अनुसार पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाती है। इस समाचार में उसी का पालन किया गया है।

