दुबहड़, बलिया, 08 जून। थाना दुबहड़ पुलिस ने छिनैती (झपट्टामारी) की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर मोहम्मद उस्मान तथा थानाध्यक्ष दुबहड़ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना दुबहड़ में दर्ज एक छिनैती के मुकदमे की विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में प्रयुक्त कार से एक आरोपी बिहार की ओर जाने की फिराक में जनेश्वर मिश्र सेतु के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया और एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से एक वीवो टी4एक्स मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी दीपक यादव (32 वर्ष), निवासी शंकरपुर, थाना बांसडीह रोड ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 2 जून को एक ई-रिक्शा चालक से मोबाइल फोन छीना था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल शिवम, अभिजीत यादव, दीपक चौहान एवं रवि मौर्य शामिल रहे।

