(गाजीपुर)। जखनियां रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सामाजिक संगठन मातृभूमि जखनियां तथा मां अनंत आश्रम वेलफेयर ट्रस्ट, अलीपुर मदरा की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने जखनियां रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर डीआरएम को पत्रक देते हुए यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि तथा लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कराने का अनुरोध किया। इस दौरान वेदप्रकाश पाण्डेय, मुकेश मौर्य, संतोष सिंह, विवेक वर्मा, सुशील तिवारी, नन्द वर्मा, सत्यम चौबे समेत संगठन के अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि जखनियां रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे का एक प्रमुख स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। संगठन ने मांग की कि कोरोना काल से पूर्व जखनियां स्टेशन पर रुकने वाली 15003/15004 कानपुर-गोरखपुर मेल ट्रेन का पुनः ठहराव सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा 19489/19490 अहमदाबाद एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की गई।
संगठन ने प्लेटफार्म संख्या दो पर यात्री शेड, शौचालय, पेयजल सुविधा, बैठने के लिए बेंच तथा वृक्षारोपण कराने की मांग उठाई। दिव्यांग यात्रियों की परेशानी का उल्लेख करते हुए प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए रैंप निर्माण की आवश्यकता बताई गई।
ज्ञापन में रेलवे पार्क की नियमित देखभाल, सब्जी मंडी तक रेलवे द्वारा निर्मित क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत तथा जखनियां-भुड़कुड़ा मार्ग स्थित पुरानी केबिन के पास यात्रियों और आम लोगों के सुरक्षित आवागमन हेतु अंडरपास अथवा पैदल फुट ओवरब्रिज के निर्माण की मांग भी शामिल रही।
संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से जखनियां स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। डीआरएम ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया।

