मोतियाबिंद से पीड़ित दर्जनों मरीज निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजे गए, डॉ. ए.के. गुप्ता ने की 100 बेड के ट्रामा सेंटर की मांग
वॉइस इंडिया न्यूज़
संवाददाता रीना राय
डाला (सोनभद्र)। बारी डाला स्थित मीडिया हाउस प्रेस कार्यालय में आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं जांच शिविर में करीब 150 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान मोतियाबिंद सहित आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं, मोतियाबिंद पाए जाने पर दर्जनों मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार के लिए श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, चित्रकूट अस्पताल ले जाया गया।
शिविर में उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश में नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में कार्यरत श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, चित्रकूट के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। मरीजों को आवश्यकतानुसार चश्मे एवं आई ड्रॉप का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर मीडिया हाउस के अध्यक्ष एवं प्रधान संपादक डॉ. ए.के. गुप्ता ने चिकित्सकीय टीम का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने बताया कि मीडिया हाउस की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका लाभ स्थानीय जनता और श्रमिकों को मिलता है।
खनन क्षेत्र में ट्रामा सेंटर की जरूरत पर उठाई आवाज
डॉ. गुप्ता ने कहा कि डाला क्षेत्र में औद्योगिक एवं खनन गतिविधियां बड़े स्तर पर संचालित होती हैं और यहां से सरकार को राजस्व भी प्राप्त होता है। इसके बावजूद क्षेत्र में गंभीर दुर्घटनाओं की स्थिति में तत्काल उपचार के लिए पर्याप्त ट्रामा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है। दुर्घटना होने पर गंभीर घायलों को वाराणसी ले जाना पड़ता है, जिससे समय पर उपचार मिलने में कठिनाई होती है।
उन्होंने शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की कि डाला क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) और सीएसआर के माध्यम से 100 बेड के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर के निर्माण की पहल की जाए। उनका कहना था कि इससे मारकुंडी के नीचे के क्षेत्र से लेकर ऊर्जाचल तक के औद्योगिक एवं खनन क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों तथा आसपास के लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि खनन एवं औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, श्रम विभाग में पंजीयन और स्वास्थ्य बीमा जैसी व्यवस्थाओं को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही खनन क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी शिविरों और जनजागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
शिविर के दौरान डॉ. मनीष तिवारी, हंसराज यादव, सुशील मिश्रा, क्रशर ओनर्स एसोसिएशन के सचिव अभिषेक सिंह उर्फ पिंकू सिंह, उमेश चंद्र मिश्रा, मनमोहन शुक्ला, रामप्यारे सिंह, त्रिभुवन पांडे, कृपाशंकर पांडे, राघवेंद्र नाथ पांडे, शिव शंकर गुप्ता, विनय गुप्ता, दिव्यांश गुप्ता, निकिता गुप्ता, अनुप्रिया गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

