हापुड़ (मनीष कुमार) कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में कर-करेतर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति का आकलन करते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप कम प्रदर्शन करने वाले विभागों को तेजी से सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर राजस्व वसूली के लक्ष्य पूरे करने होंगे। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षित नहीं है, वे विशेष प्रयास करते हुए लंबित वसूली में तेजी लाएं। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित समीक्षा करने तथा विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजस्व संग्रहण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें और वसूली कार्य में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करें, ताकि जनपद की प्रगति में और सुधार हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सभी उप जिलाधिकारी, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

