हापुड़ (मनीष कुमार) गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक युवक के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप में सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
वीडियो में एक महिला और दो युवक कथित रूप से युवक की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। युवक को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। इतना ही नहीं, उससे महिला के पैर पकड़वाकर माफी भी मंगवाई गई। वीडियो में माफी मांगने के बाद भी मारपीट जारी रहने का दावा किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वायरल वीडियो के बाद लोगों ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है या जांच में मारपीट की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

