हापुड़ मनीष कुमार) मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कई विभागों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी समीक्षा से पहले सभी कमियों को दूर कर विभागीय रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति का आकलन किया। जिन विभागों की रैंक सी और डी श्रेणी में पाई गई, उन्हें विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा गया कि सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित सूचनाओं की समय पर एवं सही फीडिंग की जाए। उन्होंने कहा कि अधूरा या विलंबित डेटा जनपद की रैंकिंग को प्रभावित करता है, इसलिए सभी अधिकारी इसकी नियमित निगरानी करें।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की प्राथमिक योजनाओं की प्रगति का प्रमुख माध्यम है। प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्यों की अद्यतन जानकारी समय पर पोर्टल पर अपलोड करे। यदि किसी विभाग की रैंकिंग खराब रहती है तो इसका सीधा असर पूरे जनपद के प्रदर्शन पर पड़ता है।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं का शत-प्रतिशत डेटा पोर्टल पर अपलोड कराया जाए तथा नियमित रूप से उसकी समीक्षा भी की जाए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि वे लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध तरीके से कार्य करें, जिससे शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, सभी उप जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल निगम, सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

