मनियर, बलिया, 15 जून। थाना मनियर पुलिस टीम ने अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार थाना मनियर में पूर्व में अभियुक्त कमला वर्मा उर्फ राजकमल वर्मा के विरुद्ध नाबालिग के साथ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि मुकदमा वापस लेने के लिए वादी पक्ष पर दबाव बनाया जा रहा था। इसी मामले में पीड़िता के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह श्री जयशंकर मिश्र एवं थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर थाना मनियर पुलिस टीम ने मालगोदाम रोड, थाना कोतवाली क्षेत्र बलिया रेलवे स्टेशन के पास से अभियुक्त कमला वर्मा उर्फ राजकमल उर्फ मंत्री पुत्र स्व. सर्वदेव वर्मा एवं अनिल कमल उर्फ नील कमल वर्मा पुत्र स्व. सर्वदेव वर्मा निवासी पिण्डारी थाना मनियर जनपद बलिया को हिरासत में लिया। इस दौरान पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना मनियर में मु0अ0सं0 81/2026 धारा 137(2), 87, 351(3) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 61(2), 64(2)(M) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया।

