पिपरी, सोनभद्र ब्यूरो दृष्टि उजागर समाचार टाइम्स (15 जुलाई 2026)।जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध धंधों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल निर्देशन में थाना पिपरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चेकिंग के दौरान 1 किलो 542 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। प्राप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 15 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10:49 बजे थाना पिपरी पुलिस की टीम गोविन्द पेट्रोल पम्प के बगल और विनोद राय गली के सामने कच्ची सड़क पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक हाथ में सफेद प्लास्टिक का झोला लिए संदिग्ध परिस्थितियों में आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदेह होने पर उसे रोककर जब झोले की तलाशी ली, तो उसके भीतर से 1 किलो 542 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने अपना नाम राजेश पुत्र राजा मद्रासी उर्फ राजा कबाड़ी (उम्र लगभग 21 वर्ष), निवासी मलिन बस्ती, वार्ड नं.-01, तुर्रा, थाना पिपरी, सोनभद्र बताया। पुलिस ने बरामद गांजे को सील कर अभियुक्त के खिलाफ थाना पिपरी पर मु0अ0सं0-130/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना पिपरी पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस की पैनी नजर है और यह दंडात्मक अभियान आगे भी इसी कड़ाई से जारी रहेगा।
पिपरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता डेढ़ किलो से अधिक अवैध गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

