बलिया। जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में बलिया पुलिस को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर दोपहिया वाहन मिले हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इन दोनों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उत्तर प्रदेश सरकार की सड़क सुरक्षा एवं यातायात आधुनिकीकरण योजना के तहत उपलब्ध कराए गए ये इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीकों से लैस हैं। इनका उपयोग ओवरस्पीडिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ध्वनि प्रदूषण और अन्य यातायात अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
इन वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती और हूटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
बलिया पुलिस इन इंटरसेप्टर वाहनों का उपयोग प्रमुख मार्गों, नगर क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर करेगी। साथ ही Zero Fatality District (ZFD) अभियान के तहत दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष प्रवर्तन कर सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का भी लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी लाइन/ट्रैफिक मंजरी राव, पीआरओ निरीक्षक चन्द्रभास्कर द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक ट्रैफिक अनवर अली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बलिया पुलिस को मिले दो आधुनिक इंटरसेप्टर बाइक, एसपी ओमवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी
Related Posts
Add A Comment

