जखनिया (गाजीपुर)।
जखनिया विधानसभा क्षेत्र स्थित शांति मैरिज हॉल में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बूथ अध्यक्षों एवं सेक्टर प्रभारियों का विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. अरविंद राजभर मुख्य अतिथि तथा जखनिया विधायक बेदी राम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सफलता का आधार उसका मजबूत संगठन होता है। उन्होंने कहा कि जखनिया में बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी यह संकेत देती है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी मजबूती के साथ जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि सुभासपा प्रदेश की 83 सीटों पर अपनी रणनीति के तहत कार्य कर रही है और एनडीए गठबंधन को मजबूत करने के लिए लगातार संगठन विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, ताकि जिला पंचायत से लेकर अन्य स्थानीय निकायों में पार्टी की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए डॉ. राजभर ने कहा कि पार्टी ऐसी व्यवस्था बनाने की दिशा में प्रयासरत है, जिससे सरकारी विद्यालयों में भी निजी स्कूलों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि शादी अनुदान योजना की राशि बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही आगामी 10 सितंबर को प्रस्तावित समीक्षा बैठक की जानकारी देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जखनिया विधायक बेदी राम ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक बेदी राम ने तथा संचालन सुरेंद्र राजभर ने किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलिराज राजभर, राष्ट्रीय सचिव शक्ति सिंह, अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश कुमार, प्रदेश महासचिव पंकज दुबे, जिलाध्यक्ष लल्लन राजभर, सुदामा राजभर, डॉ. रामदरस राजभर, बलवंत राजभर, गुड्डू अंसारी, लालसा बासफोर, जगदीश राजभर, विधायक प्रतिनिधि अरविंद राजभर, शीला राजभर, जितेंद्र राजभर, सावित्री सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बूथ सम्मेलन में सुभासपा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
Related Posts
Add A Comment

