(गाजीपुर)। सैदपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में ब्लॉक प्रमुख पर हुए चर्चित हमले और मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सैदपुर पुलिस ने इस प्रकरण में वांछित चल रहे तीन इनामिया आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस चर्चित मामले को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी सैदपुर के पर्यवेक्षण में थाना सैदपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में शुक्रवार 19 जून 2026 की सुबह थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ब्लॉक प्रमुख हमले के मामले में वांछित आरोपी पियरी बाजार के पास हाईवे पर मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय एवं पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में औड़िहार निवासी *देवराज सिंह ठाकुर पुत्र स्वर्गीय संकठा सिंह (55 वर्ष), *सोनू सिंह उर्फ संजीव सिंह पुत्र स्वर्गीय राकेश सिंह (43 वर्ष) तथा रद्दीपुर निवासी गोविंदा यादव पुत्र गामा यादव (29 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी थाना सैदपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 209/2026 में नामजद एवं वांछित चल रहे थे। यह मुकदमा ब्लॉक प्रमुख सैदपुर के साथ हुई मारपीट एवं जानलेवा हमले की घटना से संबंधित है, जिसने पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी, लेकिन आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बच रहे थे। इसके चलते पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में देवराज सिंह ठाकुर का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, बलवा, मारपीट, धमकी, शस्त्र अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। वहीं सोनू सिंह उर्फ संजीव सिंह और गोविंदा यादव के विरुद्ध वर्तमान प्रकरण में कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ब्लॉक प्रमुख पर हुए हमले के मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। इस कार्रवाई से फरार चल रहे अन्य आरोपियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले की विवेचना को आगे बढ़ाते हुए घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल प्रभाकर मिश्रा शामिल रहे। पुलिस टीम की इस सफलता की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

