रेणुकूट/सोनभद्र (ब्यूरो)। नर सेवा ही नारायण सेवा है। इस उक्ति को चरितार्थ करते हुए सोनभद्र के रेणुकूट क्षेत्र में टीम निशा सिंह ने एक बार फिर मानवता की बड़ी मिसाल पेश की है। टीम के संरक्षक विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह के नेतृत्व में गंभीर रूप से बीमार, लभरी गांव निवासी संजय यादव की जिंदगी बचाने की मुहिम शुरू की गई है। इस पुनीत कार्य में टीम और क्षेत्र के युवाओं ने दिन-रात एक कर दिया है। सोशल मीडिया परिवार और स्थानीय जागरूक भाइयों के सामूहिक सहयोग से अब तक पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद पीड़ित को बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।जानकारी के अनुसार, रेणुकूट क्षेत्र के लभरी गांव निवासी संजय यादव पिछले कुछ समय से बेहद गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय होने के कारण उनका उचित इलाज नहीं हो पा रहा था और वह घर पर ही जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। जैसे ही इस बेबसी की जानकारी टीम निशा सिंह को मिली, टीम तुरंत हरकत में आई और पीड़ित की जान बचाने के लिए एक विशेष मुहिम की शुरुआत की गई। इसी क्रम में समाजसेवियों, सोशल मीडिया परिवार और क्षेत्र के बड़े-छोटे भाइयों के अथक प्रयासों से गंभीर रूप से बीमार संजय यादव जी को बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए लभरी गांव से एम्बुलेंस के जरिए सोनभद्र जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज स्थित अस्पताल के लिए रवाना किया गया। अस्पताल पहुंचते ही टीम के सदस्यों ने उन्हें भर्ती कराकर डॉक्टरों की देखरेख में सुचारू रूप से इलाज शुरू करा दिया है। मुहिम के कर्ताधर्ताओं ने इस संकट की घड़ी में आगे आकर मदद का हाथ बढ़ाने वाले सभी जागरूक नागरिकों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा इस मुहिम में हमारे सोशल मीडिया परिवार और क्षेत्र के नौजवान भाइयों का जो सहयोग मिला है, वह वास्तव में सराहनीय है। आप सभी देवदूतों की बदौलत ही महज कुछ ही समय में 20 हजार से ज्यादा की आर्थिक मदद आ चुकी है। हम आप सभी सहयोगियों को हृदय से साधुवाद और धन्यवाद देते हैं। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि संजय यादव जी जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच वापस लौटें।संजय यादव की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और आगे के लंबे इलाज व दवाइयों के लिए और भी अधिक धनराशि की आवश्यकता पड़ सकती है। इसे देखते हुए टीम निशा सिंह और स्थानीय युवाओं ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम जनमानस से एक भावुक अपील की है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि इस समाचार और इससे जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि यह संदेश हर संवेदनशील दिल तक पहुंच सके और संकट में घिरे इस गरीब परिवार को अधिक से अधिक प्रशासनिक व सामाजिक मदद मिल सके। यदि आप भी संजय यादव जी की जिंदगी बचाने में अपना अमूल्य योगदान देना चाहते हैं, तो टीम के अधिकृत सदस्यों से संपर्क कर अपनी स्वेच्छा अनुसार आर्थिक सहयोग कर सकते हैं। आपका एक छोटा सा प्रयास किसी बेबस परिवार का चिराग बचा सकता है और किसी को नया जीवन दे सकता है।
मानवता की मिसाल गंभीर बीमार संजय यादव की जिंदगी बचाने आगे आई टीम निशा सिंह, सोशल मीडिया के सहयोग से जुटे 20 हजार से अधिक
Related Posts
Add A Comment

