उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद स्थित नवीन मंडी परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 692 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास सहित अन्य योजनाओं के प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज गाजीपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि अब गाजीपुर से प्रदेश के किसी भी हिस्से में जाने के लिए बेहतर एक्सप्रेस-वे नेटवर्क उपलब्ध है। साथ ही चंदौली से होते हुए शक्तिनगर तक बेहतर सड़क संपर्क की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “10 वर्ष पहले जब लोग गाजीपुर का नाम सुनते थे तो पीछे हट जाते थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान कानून व्यवस्था, विकास और निवेश से हो रही है।”
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में अब दंगा और कर्फ्यू का दौर समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा, “आज उत्तर प्रदेश में सब चंगा है। हर तरफ उत्सव का माहौल है। हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जो व्यक्ति उत्सव को उपद्रव में बदलेगा, बेटियों के सम्मान पर हाथ डालेगा या व्यापारियों को लूटेगा, उसकी जगह या तो जेल होगी या जहन्नुम। हमारी सरकार ने इस संकल्प को पूरी तरह लागू किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के 9 लाख युवाओं को बिना किसी भेदभाव के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नए भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं और अपने भविष्य को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा एवं कौशल विकास पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि बेहतर सांसद और विधायक चुनने के कारण ही गाजीपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है और आने वाले समय में भी भाजपा एवं एनडीए सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से आज गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो चुकी है तथा जिले को चारों दिशाओं से बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया गया है, जिससे विकास और निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री द्वारा विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किए जाने से जिले में आधारभूत सुविधाओं, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने गाजीपुर को दी 692 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात
Related Posts
Add A Comment

