मनियर (बलिया), 4 अगस्त। थाना मनियर पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि में से 58,803 रुपये शिकायतकर्ता के बैंक खाते में वापस करा दिए।
पुलिस के अनुसार, सत्येन्द्र चौहान निवासी पिलुई, थाना मनियर का मोबाइल दिल्ली से घर लौटते समय कहीं खो गया था। बाद में जब वह बलिया पहुंचे तो उनके बैंक खाते से 73,450 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने थाना मनियर में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा तथा थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से साइबर टीम ने ठगी गई राशि में से 58,803 रुपये होल्ड करा लिए।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह पूरी राशि शिकायतकर्ता के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मनियर स्थित खाते में वापस करा दी गई। अपनी धनराशि वापस मिलने पर सत्येन्द्र चौहान ने बलिया पुलिस और मनियर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
मोबाइल खोने के बाद खाते से उड़े ₹73,450, मनियर पुलिस ने ₹58,803 वापस कराए
Related Posts
Add A Comment

