अधिवक्ताओं के हितों की लड़ाई में हमेशा साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
मोहनलालगंज लखनऊ,लखनऊ बार एसोसिएशन के चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद नवनियुक्त महामंत्री जितेंद्र यादव ‘जीतू रविवार को पहली बार मोहनलालगंज पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मोहनलालगंज स्थित बजाज शोरूम प्रतिष्ठान में आयोजित स्वागत समारोह में निगोहां प्रेस क्लब लखनऊ के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुकेश द्विवेदी तथा श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने फूल-माला पहनाकर, पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका जोरदार अभिनंदन किया।कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्वागत समारोह में क्षेत्र के दर्जनों अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ नवनियुक्त महामंत्री का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।अपने संबोधन में महामंत्री जितेंद्र यादव ‘जीतू’ ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि मोहनलालगंज क्षेत्र के अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा और वह हर परिस्थिति में अधिवक्ताओं के साथ खड़े रहकर उनके हितों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने अधिवक्ताओं की सुरक्षा, बार और बेंच के बेहतर समन्वय, न्यायिक प्रक्रियाओं में सुधार तथा युवा अधिवक्ताओं को मजबूत मंच देने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था की मजबूत कड़ी है और अधिवक्ताओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं न्यायिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उनके समक्ष रखा।निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुकेश द्विवेदी ने कहा कि जितेंद्र यादव ‘जीतू’ के नेतृत्व में लखनऊ बार एसोसिएशन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और अधिवक्ताओं की आवाज को और मजबूती मिलेगी। वहीं श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा नेतृत्व से अधिवक्ता समाज को नई दिशा मिलेगी।इस अवसर पर पुष्पराज सिंह, मुरारी सिंह रिंकू शर्मा, संजीव मिश्रा, अतुल मिश्रा, रवि दत्त, रोचक यादव, हिमांशु रावत, शिवा मिश्रा, सुशील तिवारी, राम जी जायसवाल श्याम जी जायसवाल, अरुण सिंह, आलोक सिंह, सहित तीन दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और अधिवक्ताओं के हितों को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

