शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश, विवाद करने वालों पर होगी कार्रवाई
बलिया। आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्व की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और जुलूस मार्गों की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि ताजिया की ऊंचाई पूर्व वर्षों की तुलना में नियंत्रित रखी जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर ताजिया का निर्माण किया जा रहा है, वहां पहले से निरीक्षण कर लिया जाए और जुलूस निकालने वाले आयोजकों से अनुमति एवं आवश्यक विवरण प्राप्त किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम जुलूस में किसी भी व्यक्ति को अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर लटके और जर्जर विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। रामपुर उदयभान वार्ड संख्या-13, सिया मस्जिद एवं रेलवे स्टेशन रोड के आसपास विद्युत तारों की समस्या को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका परिषद को जुलूस के प्रस्तावित मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम सदर सहित सभी थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मोहर्रम को लेकर डीएम-एसपी सख्त, जुलूस में अस्त्र-शस्त्र पर रहेगी रोक
Related Posts
Add A Comment

