सोनभद्र । अजीत प्रताप सिंह। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए समस्त विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वसूली कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। लक्ष्य प्राप्ति में पिछड़ने वाले संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय करते हुए सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने तहसील स्तरीय अधिकारियों को निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बड़े बकायेदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी वसूली की जाए तथा रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) का नियमित मिलान सुनिश्चित हो। जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने और उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। राजस्व अदालतों में लंबित मुकदमों का समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। भूमि संबंधी विवादों का समाधान राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर कराया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की नियमित सैंपल जाँच कराई जाए। त्यौहारों व सामान्य दिनों में मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। समीक्षा बैठक के दौरान एडीएम (वि/रा) ने आईजीआरएस (जनसुनवाई) पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की प्रगति भी जांची। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता के लिए संतोषजनक होना चाहिए। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) रॉबर्ट्सगंज आकांक्षा गौतम,प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव, सहित खनन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, नगर निकाय एवं राजस्व विभाग से जुड़े संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने की कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा
Related Posts
Add A Comment

