जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया तहसील क्षेत्र के अलीपुर मदरा ग्राम सभा स्थित नवपुरा गांव के एक प्रवासी युवक की सऊदी अरब में गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवपुरा निवासी मिश्री यादव के पुत्र विनोद यादव (36 वर्ष) लगभग नौ माह पूर्व रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। बीते 12 जुलाई की रात उनकी गोली लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी सऊदी में ही कार्यरत उनके भाई प्रमोद यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिवार को दी।
बताया जा रहा है कि विनोद यादव और उनके भाई प्रमोद यादव एक ही कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी में वेतन को लेकर चल रहे विवाद के बीच कथित रूप से तीन लोगों ने विनोद यादव के कमरे में घुसकर उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रमोद यादव के अनुसार स्थानीय पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना की जांच जारी है और शव को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं सऊदी अरब में रहकर कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में लगे हुए हैं।
विनोद यादव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी कुसुम देवी, दो बेटियां और एक पुत्र हैं। वहीं माता मेवाती देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सबसे छोटे भाई लाल बहादुर यादव ने बताया कि सऊदी में मौजूद भाई से लगातार संपर्क बना हुआ है, लेकिन अभी तक शव को भारत भेजे जाने की तिथि स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार प्रशासनिक कार्रवाई पूरी होने का इंतजार कर रहा है।
परिजनों ने बताया कि विनोद यादव पहले भी कई बार सऊदी अरब में काम कर चुके थे। उनके दो अन्य भाई भी वहीं कार्यरत हैं। इनमें से एक भाई पहले से सऊदी में मौजूद है, जबकि दूसरा भाई सऊदी जाने के लिए रवाना हुआ था, लेकिन घटना की सूचना मिलने के बाद वापस लौट आया।
घटना की खबर गांव पहुंचते ही नवपुरा समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। परिजनों ने भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि विनोद यादव का शव शीघ्र भारत लाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

