गाजीपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” विषयक समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान विकास खंडों, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले शिविरों में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक कल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं रोजगार संबंधी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
बैठक में वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, लाभार्थी संपर्क अभियान, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रम पारदर्शिता, जनसहभागिता और प्रभावी समन्वय के साथ आयोजित किए जाएं।
विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान के तहत 8 जून से 14 जून तक नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही मलिन बस्तियों में संवाद कार्यक्रम एवं “सरकार आपके द्वार” स्वरूप जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 12 जून को विकास खंड सैदपुर की ग्राम पंचायत ईशोपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन होगा, जबकि 11 से 14 जून के बीच मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
14, 15 एवं 16 जून को जनपद के सभी विकास खंडों में त्रिदिवसीय जनकल्याण मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 18 से 20 जून तक जनपद मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन के साथ होगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज सहित जनपद के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, 5 से 21 जून तक होंगे विविध कार्यक्रम
Related Posts
Add A Comment

