अनपरा/सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड संख्या-18 स्थित अनपरा बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की बदहाली से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का जीना दुश्वार हो गया है। वार्ड संख्या-18, जगदीश आटा चक्की के समीप स्थित मुख्य मार्ग जो क्षेत्र के तीन प्रमुख मंदिरों तथा घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र को आपस में जोड़ता है।पिछले काफी समय से प्रतिदिन कूड़े-कचरे के ढेर में तब्दील रहता है। इस मार्ग से गुजरने वाले आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और प्रतिदिन मंदिर दर्शन हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी दुर्गंध व अस्वच्छ वातावरण का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर खुले में कचरा फेंके जाने के कारण दिनभर आवारा पशु कूड़े को इधर-उधर फैलाते रहते हैं। इससे पूरे मोहल्ले में मक्खियों व मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति शासन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की मंशा को ठेंगा दिखा रही है और नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की ओर कई बार नगर पंचायत अनपरा के जिम्मेदार अधिकारियों और सफाई नायकों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। नियमित सफाई न होने के कारण प्रतिदिन जमा होने वाला कचरा विकराल रूप लेता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने मीडिया के माध्यम से नगर पंचायत अनपरा प्रशासन व अधिशासी अधिकारी से निम्नलिखित मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। उक्त स्थल से प्रतिदिन सुबह नियमित रूप से कूड़ा उठाने की पुख्ता व्यवस्था की जाए। सड़क पर खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त हिदायत व रोक लगाने हेतु कदम उठाए जाएं। क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में बड़े ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखे जाएं। स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति व कार्य की नियमित निगरानी कर सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। भविष्य में दोबारा गंदगी न फैले, इसके लिए नगर पंचायत द्वारा स्थायी कार्ययोजना लागू की जाए। स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण की मांग को लेकर आवाज़ उठाने वालों में मुख्य रूप से सुनील पटवा, जगदीश बैसवार, घनश्याम गट्टानी, मृत्युंजय केशरी, राहुल अग्रवाल, प्रमोद कुशवाहा सहित वार्ड संख्या-18 अनपरा बाजार के समस्त नागरिक एवं प्रार्थीगण उपस्थित रहे। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि नगर पंचायत प्रशासन इस जनसमस्या का शीघ्र संज्ञान लेकर स्थल की सफाई कराएगा।
सोनभद्र अनपरा के वार्ड संख्या-18 में गंदगी का अंबार तीन प्रमुख मंदिरों के मार्ग पर फैला कचरा, श्रद्धालुओं व नागरिकों में रोष
Related Posts
Add A Comment

