अनपरा/सोनभद्र । जनपद सोनभद्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अनपरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने जाइलो कार से अवैध रूप से ले जाई जा रही 180 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को धर दबोचा। बरामद शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत ₹5,35,000/- आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई संपन्न हुई। दिनांक 01 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणन प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में उप-निरीक्षक अशोक सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त व चेकिंग पर थे। इसी दौरान ग्राम करहिया स्थित बंद ईंट-भट्ठे के पास एक संदिग्ध महिंद्रा जाइलो कार (WB02AE2672) खड़ी मिली। पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, तो उसकी बीच की सीट और डिग्गी से 20 कार्टून (कुल 1000 शीशियां – 180 लीटर) गोवा ब्रांड व्हिस्की बरामद हुई, जिस पर FOR SALE IN MADHYA PRADESH ONLY अंकित था। पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम मकबूल खान (33 वर्ष) पुत्र मोहम्मद मजीबुल्ला, निवासी ग्राम कुर्ल्डीह, थाना सनावल, जनपद बलरामपुर (छत्तीसगढ़) बताया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह शराब को मध्य प्रदेश के बॉर्डर (शक्तिनगर) स्थित सरकारी ठेके से सस्ते दामों में खरीदकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। कार के संबंध में उसने बताया कि उसने इसे पश्चिम बंगाल से खरीदा है, जिसका स्वामित्व हस्तांतरण होना अभी बाकी है। अनपरा पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0-172/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय भेज दिया है। साथ ही वाहन जब्ती हेतु धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को प्रेषित की जा रही है।कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणन प्रसून श्रीवास्तव, उप-निरीक्षक अशोक सिंह, मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार यादव, आरक्षी अजीत यादव तथा आरक्षी शशिभूषण शामिल रहे। सोनभद्र पुलिस ने दोहराया है कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करों एवं अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सोनभद्र थाना अनपरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता 180 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, जाइलो कार भी जब्त
Related Posts
Add A Comment

