दुद्धी/सोनभद्र । ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना दुद्धी पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित को उसकी ठगी गई रकम वापस दिलाकर बड़ी राहत पहुंचाई है। पुलिस की इस मुस्तैदी से साइबर फ्रॉड के शिकार ग्रामीण के खाते में फ्रॉड की गई राशि में से ₹7,400/- रुपये सफलतापूर्वक वापस आ गए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुलालझरिया (थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र) निवासी त्रिभुवन यादव पुत्र स्वर्गीय लाल चंद्र यादव के खाते से अज्ञात साइबर अपराधी ने एक झांसे वाले लिंक के माध्यम से ₹7,450/- रुपये उड़ा लिए थे। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP Portal) पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के कुशल पर्यवेक्षण में मामला थाना दुद्धी साइबर हेल्प डेस्क के पास पहुंचा।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित साइबर टीम ने बिना समय गंवाए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक से त्वरित संपर्क साधकर फ्रॉड की गई राशि में से ₹7,400/- रुपये होल्ड (फ्रीज) करा दिए। इसके उपरांत प्रशासनिक पत्राचार और मनी रेस्टोरेशन पोर्टल (Money Restoration Portal) की विधिक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए होल्ड कराई गई संपूर्ण धनराशि आवेदक के बैंक खाते में वापस ट्रांसफर करा दी गई। अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने पर आवेदक त्रिभुवन यादव ने गदगद होकर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक थाना दुद्धी एवं साइबर हेल्प डेस्क टीम की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका सहृदय आभार व्यक्त किया।सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ अपना ओटीपी (OTP) व बैंक संबंधी जानकारी साझा करें। यदि दुर्भाग्यवश कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर संपर्क करें। राष्ट्रीय साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत जल्द से जल्द दर्ज कराएं ताकि समय रहते पैसों की रिकवरी की जा सके।
सोनभद्र थाना दुद्धी पुलिस की साइबर टीम को मिली सफलता ऑनलाइन ठगी के शिकार पीड़ित के वापस कराए ₹7,400
Related Posts
Add A Comment

