जुगैल/सोनभद्र। थाना जुगैल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कुरछा में जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तीर-धनुष और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि पीड़ित परिवार के घर में जमकर तोड़फोड़ की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, कुरछा गांव में काफी समय से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया और विपक्षी दल ने अपने पूरे परिवार के साथ लामबंद होकर पीड़ित पक्ष के घर पर धावा बोल दिया। हमलावर अपने हाथों में पारंपरिक हथियार जैसे तीर-धनुष लहराते हुए आए और पथराव शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। हमलावरों ने पीड़ित सर्वेश निषाद के घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध पत्थरबाजी की, जिससे घर की खिड़कियां, दरवाजे और अन्य सामान टूट गए।
इस भीषण पथराव और हमले के बीच सर्वेश निषाद को संभलने का मौका नहीं मिला। एक भारी पत्थर सीधे सर्वेश के सिर पर जाकर लगा, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही गांव में तनाव को देखते हुए डायल 112 जुगैल की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले स्थिति को नियंत्रण में लिया और लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े घायल सर्वेश निषाद को तुरंत रेस्क्यू किया। पुलिस वाहन की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चोपन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है।इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा-सहमा हुआ है। पीड़ित पक्ष की ओर से नामजद तहरीर देने की प्रक्रिया चल रही है। जुगैल थाना पुलिस का कहना है कि जमीनी विवाद में इस तरह कानून हाथ में लेने और तीर-धनुष जैसे हथियारों से हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सोनभद्र के जुगैल में जमकर चले तीर-धनुष और पत्थर, युवक गंभीर रूप से घायल
Related Posts
Add A Comment

