सोनभद्र । अन्नदाताओं की आय बढ़ाने और पारंपरिक कृषि के स्थान पर नकदी फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बागवानी को लगातार प्रोत्साहन दे रही है। शासन की विभिन्न लाभकारी योजनाओं व अनुदान का लाभ उठाकर अब सोनभद्र के किसान ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। इससे जिले में बागवानी का दायरा लगातार बढ़ रहा है और किसानों का रुझान भी इन आधुनिक फसलों की ओर तेजी से बढ़ा है। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जनपद के 76 प्रगतिशील किसान लगभग 75 एकड़ क्षेत्रफल में सफलतापूर्वक स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं। उद्यान विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्ट्रॉबेरी का रकबा बढ़ाकर 100 एकड़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं, जिले के 106 किसान 150 एकड़ क्षेत्र में ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे हैं, जिसे बढ़ाकर 200 एकड़ तक पहुँचाने की वृहद योजना बनाई गई है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत प्रदेश सरकार किसानों को आधुनिक बागवानी अपनाने के लिए आकर्षक अनुदान उपलब्ध करा रही है। ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए किसानों को ₹2,70,000 प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान दिया जाता है। यह फसल पथरीली व कम पानी वाली भूमि में भी बेहतरीन पैदावार देती है। एक बार पौधे लगाने के बाद कई वर्षों तक लगातार उत्पादन मिलता रहता है। ड्रैगन फ्रूट की खेती से किसान प्रति एकड़ ₹5 से ₹6 लाख तक का शुद्ध लाभ आसानी से अर्जित कर सकते हैं। इसी प्रकार स्ट्रॉबेरी की खेती को भी बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग विशेष प्रयास कर रहा है। स्ट्रॉबेरी की खेती हेतु किसानों को ₹90,000 प्रति हेक्टेयर का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। बड़े शहरों और स्थानीय बाजारों में स्ट्रॉबेरी की मांग अत्यधिक होने के कारण किसान प्रति एकड़ ₹10 से ₹12 लाख तक का रिकॉर्ड मुनाफा प्राप्त कर रहे हैं। उद्यान विभाग द्वारा किसानों को केवल अनुदान ही नहीं, बल्कि तकनीकी प्रशिक्षण, उन्नत किस्म की पौध सामग्री तथा ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकार का मूल उद्देश्य किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाली फसलों की ओर प्रेरित करना है, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके। विभाग को उम्मीद है कि इन लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ सोनभद्र जल्द ही उत्तर प्रदेश में उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
सोनभद्र ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी की खेती से खुल रहे आर्थिक समृद्धि के द्वार योगी सरकार दे रही भारी अनुदान
Related Posts
Add A Comment

