गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड सैदपुर एवं देवकली में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए समूह सदस्यों को अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, उद्योग तथा बैंकिंग विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण, लघु उद्योग समेत अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) एवं रिवॉल्विंग फंड की जानकारी भी दी गई।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि समूह सदस्यों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। डीएम ने बैंकर्स को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से संबंधित ऋण प्रकरणों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र समूहों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने तथा प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यशाला के दौरान समूह सखियों और अन्य कैडरों से प्राप्त जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वरोजगार, उप कृषि निदेशक, अग्रणी जिला प्रबंधक, स्थानीय बैंकर्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में समूह सदस्यों ने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। वहीं जिलाधिकारी ने विकास खंड सैदपुर में पौधरोपण भी किया।
स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण को लेकर कार्यशाला, डीएम ने बैंकर्स को दिए निर्देश
Related Posts
Add A Comment

