(गाजीपुर)। सेना मेडल (मरणोपरांत) से सम्मानित अमर बलिदानी शहीद कमलेश सिंह के 28वें बलिदान दिवस के अवसर पर बिरनो थाना के सामने स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं शौर्य सैनिक संगठन के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि गाजीपुर की वीर भूमि ने देश पर आए हर संकट के समय अपने वीर सपूतों के माध्यम से राष्ट्र की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई है। भारत की स्वतंत्रता संग्राम से लेकर कारगिल युद्ध और वर्तमान समय तक जिले के सैकड़ों युवाओं ने अपने साहस, पराक्रम और बलिदान से इतिहास रचा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वक्ताओं ने कहा कि शहीद कमलेश सिंह ने कारगिल युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया तथा अपने जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग का अनुपम उदाहरण है।।
सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। यदि हम सभी राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, तो भारत को विश्व के अग्रणी और सफल राष्ट्रों की श्रेणी में स्थापित कर बलिदानियों के सपनों को साकार कर सकते हैं।।
कार्यक्रम को मुख्य रूप से जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरुण सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय, पूर्व मंत्री डॉ. रमाशंकर राजभर, पूर्व बसपा जिलाध्यक्ष सुभाष राम, शौर्य सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष सुब्बा यादव, भाजपा महामंत्री अवधेश राजभर, क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह तथा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुड्डू केसरी ने संबोधित किया।।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख बिरनो राजन सिंह, दिनेश वर्मा, ग्राम प्रधान योगेंद्र कुशवाहा, कार्तिक राम, प्रमोद राय, डॉ. मन्नू राजभर, लोहा सिंह, रामविलास सिंह, अभिनय सिंह, थानाध्यक्ष बिरनो शैलेंद्र कुमार सिंह, अजय सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामशब्द सिंह ने की, जबकि संचालन भाजपा नेता योगेश सिंह ने किया।।

