(गाजीपुर)। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को राइफल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में 50 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की। आयोजन लॉर्ड्स डिस्टलरी लिमिटेड के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मेडिकल मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव जाकर हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों से प्रतिदिन 600 से 700 लोगों की जांच की जा रही है। साथ ही प्रतिदिन 20 हजार बलगम जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में ट्रू-नैट मशीनों की व्यवस्था है। वर्तमान में 19 ट्रू-नैट एवं दो सीबी-नैट मशीनों के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की जांच की जा रही है। इससे रोग की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक माह की 15 तारीख को सभी ब्लॉकों में टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जाती है। उन्होंने लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने और उनके पोषण व उपचार में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील पांडेय, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रवि रंजन, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह (डीपीसी), विवेक सिंह, वेंकटेश शर्मा, सुनील वर्मा, शशि सिंह, सौरभ सिंह तथा लॉर्ड्स डिस्टलरी लिमिटेड के एचआर एवं एडमिन आनंद राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

