मऊ। जनपद के आजमगढ़ मोड़ शहादतपुरा स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की मुख्य शाखा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बैंक के सभी अधिकारियों कर्मचारियों सहित अन्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में जिला महिला चिकित्सालय मऊ के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर नीलेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा सी पी आर यानी जीवन बचाने के तरीके के विषय में बताया गया और प्रैक्टिकली सी पी आर की टेक्नीक कर के दिखाया गया। डॉ नीलेश ने बताया कि सी पी आर के विषय में जानना और सही तरीके से करना अत्यंत आवश्यक है। इसकी सही जानकारी से हम अपने घरों आफिस या घर से बाहर होने वाली दुर्घटना में लोगो की जान बचा सकते हैं। कार्यक्रम में आई एम ए मऊ के संयुक्त सचिव डॉ अनिल कुमार ने लोगों को सरल भाषा में बताया कि कुत्ते , सांप, बिच्छू के काटने पर क्या करें और क्या न करें। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने से होने वाली रेबीज नामक बीमारी में 100 प्रतिशत मृत्यु होती है। अतः बचाव के टीके लगवाना बहुत आवश्यक है।
साथ ही बताया कि सांप बिच्छू के काटने पर अनावश्यक समय बर्बाद करना मरीज के लिए घातक हो सकता है। अतः टोने टोटके में समय लगाने के बजाय अस्पताल पहुँचे।
आई एम ए मऊ उपाध्यक्ष और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ कंचन लता आजाद ने बताया कि हर साल 7 लाख लोग दिल बंद होने से मरते हैं जिसमें से 90 प्रतिशत लोग अस्पताल नहीं पहुंच पाते । इन 90 प्रतिशत लोगों को यदि सही समय पर सी पी आर मिले तो उनको जान बच सकती है।
आई एम ए मऊ के अध्यक्ष डॉ राजकुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि आज के इस कार्यक्रम में अर्जित ज्ञान को अपने परिवार और जानने वाले लोगों से साझा करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके। आई एम ए मऊ के सचिव डॉ आर के अग्रवाल ने कहा कि आगे भी हमारे डॉक्टर इस प्रकार के जन जागरूकता के कार्यक्रम करते रहेंगे ।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की मुख्य शाखा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Related Posts
Add A Comment

