सोनभद्र (15 जुलाई 2026)। जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनभद अभिषेक वर्मा ने बुधवार की रात्रि में नगर सर्किल (थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना चोपन) का अर्दली रूम किया। थाना रॉबर्ट्सगंज में आयोजित इस अर्दली रूम के दौरान एसपी ने पुलिस कार्यों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अर्दली रूम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, वाचक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पर्वत, थाना रॉबर्ट्सगंज व थाना चोपन के प्रभारी निरीक्षकगण, सर्किल के समस्त चौकी प्रभारी तथा अन्य उपनिरीक्षकगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना-पत्रों एवं जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कड़े लहजे में निर्देशित किया कि प्रत्येक विवेचना पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं साक्ष्य-आधारित होनी चाहिए। विवेचनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलम्ब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेषकर महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया जाए तथा महिला हेल्पलाइन व अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो। साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों की ठगी गई धनराशि को यथाशीघ्र वापस कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि आमजन समय रहते जागरूक हो सकें।जनसुनवाई की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। आईजीआरएस (IGRS), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य सरकारी पोर्टलों पर प्राप्त होने वाले प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसपी ने वांछित अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी, वारंटों के तामील, निरोधात्मक कार्रवाई तथा हिस्ट्रीशीटरों व अराजक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों को नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहने को कहा। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप उत्कृष्ट पुलिसिंग सुनिश्चित करें और जनता का विश्वास जीतने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
Related Posts
Add A Comment

