ओबरा (सोनभद्र) 21 मई, 2026 बच्चों में नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और शारीरिक सुदृढ़ता को विकसित करने के उद्देश्य से डी.आई.वाई. (DIY) क्लब, ओबरा के तत्वावधान में आज से एक महीने के विशेष संस्कार शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। वन विभाग के समीप आयोजित हो रहा यह अनूठा शिविर 21 मई से आगामी 20 जून 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जिसका समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होगा। मुख्य अतिथि वीरेंद्र योगी (जिला प्रभारी, भारत स्वाभिमान व पतंजलि योगपीठ हरिद्वार) द्वारा दीप प्रज्वलित कर इस ज्ञानमयी और संस्कारमयी अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया। शिविर की संचालिका अलका चौधरी एवं प्रियंका श्रीवास्तव ने बताया कि इस एक महीने के प्रशिक्षण में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और उच्च संस्कार सिखाए जाएंगे। शिविर के दौरान बच्चों को निम्नलिखित गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। सुबह सोकर जगने के नियम, धरती मां को नमन करना, बड़ों का आदर करना, सही तरीके से खाना-पीना और सोने-जागने के सही समय चक्र की जानकारी। बच्चों को आत्मरक्षा के लिए जुड़ो (Judo), शारीरिक मजबूती के लिए योगासन और सूर्य नमस्कार का विशेष अभ्यास कराया जाएगा। बच्चों की रचनात्मकता निखारने के लिए आर्ट (चित्रकला), राइटिंग (लेख सुधार), भाषण कला, ज्ञानवर्धक खेल और ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के पहले ही दिन शिक्षिका प्रियंका श्रीवास्तव ने सभी बच्चों को बेहद उत्साह के साथ नृत्य ध्यान और नृत्य की विभिन्न विधाएं सिखाईं, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्य अतिथि वीरेंद्र योगी ने कहा आज के आधुनिक युग में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों से जोड़ना बेहद अनिवार्य है। इस संस्कार शिविर के माध्यम से बच्चों के अंदर शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होगा। जब बच्चे बचपन से ही योग, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को सीखेंगे, तो उनमें कभी भी गलत आदतें विकसित नहीं होंगी। वे एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि वीरेंद्र योगी जी द्वारा शिविर की सफल संचालिकाओं अलका चौधरी और प्रियंका श्रीवास्तव को पतंजलि की योग पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया और इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई दी गई। शिविर के पहले दिन बच्चों में एक अलग ही ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। इस बाल संस्कार शिविर में मुख्य रूप से पायल, अविरल, प्रियंका, दिव्यांशी, पूर्णिमा, अवितर, लवली और आरजू सहित भारी संख्या में बच्चों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि वीरेंद्र योगी ने उपस्थित सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। यह शिविर आने वाले दिनों में ओबरा के बच्चों को अनुशासित और संस्कारवान बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगा।
ओबरा में महीने भर चलने वाले बाल संस्कार शिविर का भव्य शुभारंभ, वीरेंद्र योगी ने किया दीप प्रज्वलन
Related Posts
Add A Comment

