ओबरा (सोनभद्र)। राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट द्वारा संचालित राष्ट्रीय नवनिर्माण क्रिकेट सेना के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में नन्हे और युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। ओबरा में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेल के मैदान से जोड़ने के साथ-साथ उनके भीतर राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर दो बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिसका दर्शकों ने भरपूर लुत्फ उठाया। पहला मैच ओबरा नाइट राइडर्स बनाम एलीट 11 ओबरा नाइट राइडर्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।घातक गेंदबाजी के सामने एलीट 11 की पूरी टीम महज 45 रन पर ही सिमट गई। ओबरा नाइट राइडर्स ने बेहद आसानी से इस छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की। दूसरा मैच रेनुकूट चैलेंजर बनाम भारतीय जूनियर्स भारतीय जूनियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।पहले बल्लेबाजी करते हुए रेनुकूट चैलेंजर ने निर्धारित ओवरों में 71 रन बनाए और विपक्ष को 72 रनों का लक्ष्य दिया।भारतीय जूनियर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय जूनियर्स के खिलाड़ी जुगनू ने 39 रनों की नाबाद और मैच जिताऊ पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।इस खेल प्रतियोगिता की सबसे अनूठी और विशेष बात यह रही कि प्रत्येक मैच शुरू होने से पहले सभी बाल खिलाड़ियों को राष्ट्रभक्ति और क्रांतिकारी विचारधारा का संकल्प दिलाया गया। मैदान पर मौजूद सभी बच्चों ने पूरी ऊर्जा के साथ संकल्प लिया कि वे भारत के अमर क्रांतिकारियों के आदर्शों पर चलेंगे और अपने जीवन में राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखेंगे।राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के माध्यम से इस मंच से एक महत्वपूर्ण मांग भी दोहराई गई। संघटन का मानना है कि देश के प्रत्येक शैक्षणिक पाठ्यक्रम में अमर क्रांतिकारियों की जीवनियां और उनकी प्रेरणादायक पुस्तकें अनिवार्य रूप से शामिल की जानी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई भी विद्यार्थी वकील, जज, अधिकारी, कर्मचारी, नेता, अभिनेता या खिलाड़ी बनने से पहले देश का एक सच्चा और अनुशासित देशभक्त नागरिक बने।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद पटेल दयालु ने ओबरा के बच्चों की प्रतिभा को सराहा। उन्होंने घोषणा की ओबरा में छोटे बच्चों के क्रिकेट को अब एक नया और स्थायी मंच मिल गया है। भविष्य में 14 वर्ष तक और 18 वर्ष तक के बच्चों की अलग-अलग क्रिकेट प्रतियोगिताएं प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाएंगी। उन्होंने आधुनिक जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, आज के दौर में बच्चों को मोबाइल स्क्रीन छोड़कर खेल के मैदान से जुड़ने की सख्त जरूरत है। हमारी संस्था का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, चरित्र निर्माण और एक स्वस्थ जीवन की भावना विकसित करना है। इस खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह तथा अपना दल (एस) के वरिष्ठ नेता श्याम चरण गिरी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने मैदान पर जाकर नन्हे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस पूरी सफल प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना के प्रदेश सचिव विकास कुमार गौड़ रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया। खेल के दौरान भारी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए मौजूद रहे।
ओबरा में राष्ट्रीय नवनिर्माण क्रिकेट सेना प्रतियोगिता का रोमांचक आगाज, बच्चों ने बिखेरा खेल और देशभक्ति का जलवा
Related Posts
Add A Comment

