नगरा, बलिया, बलिया जनपद के आदर्श नगर पंचायत नगरा के वार्ड नंबर 14, भागमालपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में करीब 50 वर्षीय रामनिवास यादव की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनिवास यादव अपने मकान के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। मकान के बगल से बिजली का केबल तार गुजरा हुआ था, जिस पर उनका ध्यान नहीं गया। उसी दौरान बिजली की सप्लाई चालू थी और केबल में कहीं कट होने के कारण टीन शेड में करंट आ गया।
बताया जा रहा है कि टीन शेड को मोहल्ले के कई लोग मिलकर उठा रहे थे, जिससे हल्का करंट कई लोगों को महसूस हुआ। लेकिन रामनिवास यादव नंगे पैर थे, जिसके कारण उन्हें तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़े। लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत नगरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि उमाशंकर राम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना अध्यक्ष संजय मिश्रा से संपर्क कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया गया।
रामनिवास यादव क्षेत्र के एक सक्रिय और सम्मानित समाजसेवी थे। वह हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे, जिससे उन्हें समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था। उनकी अचानक मौत की खबर सुनते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे।
पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार बलिया के महावीर घाट पर किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रहलाद सिंह, सभासदगण, अनिल यादव, काशीनाथ यादव, महंत जयराम दास, जटाशंकर यादव, अध्यापक विपिन कुमार यादव, कुबेरनाथ वर्मा, राजेश यादव, पन्नालाल यादव, विवेक कुमार भंडारी, समाजवादी नेता रामदास यादव सहित सैकड़ों लोग मौके पर उपस्थित रहे।
Previous Articleवरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान का हुआ मासिक बैठक
Related Posts
Add A Comment

